राजस्थान की जलवायु-2 राजस्थान की जलवायु शुष्क से उप- आर्द्र मानसूनी जलवायु है। अरावली के पश्चिम में न्यून वर्षा , उच्च दैनिक एवं वार्षिक तापान्तर , निम्न आर्द्रता तथा तीव्र हवाओं युक्त शुष्क जलवायु है। दूसरी ओर अरावली के पूर्व में अर्द्धशुष्क एवं उप-आर्द्र जलवायु है। अक्षांशीय स्थिति , समुद्र से दूरी , समुद्रतल से ऊँचाई , अरावली पर्वत श्रेणियों की स्थिति एवं दिशा , वनस्पति आवरण आदि यहाँ की जलवायु को प्रभावित करते हैं। राजस्थान की जलवायु की प्रमुख विशेषताएँ हैं : (1) शुष्क एवं अर्द्ध-शुष्क जलवायु की प्रधानता। (2) अपर्याप्त एवं अनिश्चित वर्षा । (3) वर्षा का असमान वितरण। (4) अधिकांश वर्षा जून से सितम्बर तक। (5) वर्षा की परिवर्तनशीलता एवं न्यूनता के कारण सूखा एवं अकाल की स्थिति अधिक होना , आदि। जलवायु का ऋतु प्रारूप भारतीय जलवायु के समान , राजस्थान की जलवायु का अध्ययन भी ऋतुओं के अनुसार किया जाता है। राज्य की जलवायु का स्वरूप निम्नलिखित तीन ऋतुओं से स्पष्ट होता है- ( अ) ग्रीष्म ऋतु (मार्च से मध्य जून) ( ब) वर्षा ऋतु (मध्य ज...
